NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

क्या मनीष सिसोदिया की पदयात्रा से AAP को मिलेगी संजीवनी? 70 विधानसभा क्षेत्रों को करेंगे कवर

Share This Post

आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने ग्रेटर कैलाश की सड़कों पर अपनी पदयात्रा की शुरुआत करते हुए दिल्ली के लोगों से संवाद किया। सिसोदिया ने ग्रेटर कैलाश निर्वाचन क्षेत्र में लोगों का अभिवादन किया और उनकी समस्याओं पर चर्चा की। आप पार्टी 2025 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों की तैयारी कर रही है। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया, जो हाल ही में तिहाड़ जेल से बाहर आए हैं, ने कहा कि उन्हें “लोगों के बीच दोबारा आकर बहुत खुशी हो रही है।” सिसोदिया को शराब आबकारी नीति मामले में 17 महीने जेल में रहना पड़ा था।

ग्रेटर कैलाश की तरह ही मनीष सिसोदिया अगले साल होने वाले चुनावों के प्रचार अभियान के तहत दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा करेंगे। शुक्रवार को कई स्थानीय लोगों ने सिसोदिया का फूलों से स्वागत किया और उनके समर्थन में पोस्टर लहराए। एक पोस्टर में सिसोदिया को शिक्षा के क्षेत्र में “क्रांतिकारी” बताया गया। पदयात्रा के दौरान घोषणाओं में सिसोदिया को “दिल्ली में शिक्षा क्रांति का जनक” बताया जा रहा था।

पदयात्रा के दौरान सिसोदिया ने कई बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। उन्होंने कहा, “इन छोटे बच्चों को देखिए, ये दिल्ली का भविष्य हैं। मुझे इनके लिए काम करना है। अरविंद केजरीवाल की पूरी राजनीति इनके लिए एक बेहतर देश बनाने पर आधारित है।” ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज और कई आप नेता एवं स्वयंसेवक इस मार्च में सिसोदिया के साथ थे। इसके अलावा, सिसोदिया ने सुबह कालका जी मंदिर में कालका देवी के दर्शन कर समस्त देशवासियों के कल्याण और सुख-शांति की कामना की।

सिसोदिया ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “आज दिल्ली की जनता का प्यार देख मुझे यक़ीन हो गया है कि अगर तानाशाह मुझे 17 महीनों की बजाय 17 साल भी क़ैद रखता, तब भी जनता मुझे इसी तरह प्यार करती। मैं ईश्वर का आभारी हूँ, जिसने मुझे दिल्ली की जनता के रूप में इतना ख़ूबसूरत परिवार दिया। इस प्यार का क़र्ज़ मैं इस जन्म में शायद ही चुका पाऊँ।” एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, “पदयात्रा के दौरान आज एक बहन ने मुझे राखी बांधी। यह मेरे लिए बहुत ही भावुक पल था। मैं 17 महीनों तक इन लोगों से दूर रहा, लेकिन इनके प्यार में जरा भी कमी नहीं आयी। आपके प्यार और दुआओं के लिए धन्यवाद बहन… आप जैसी बहनों का प्यार ही मेरी सबसे बड़ी ताक़त है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *