दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा में तैनात 27 वर्षीय SWAT कमांडो काजल चौधरी की मौत हो गई है। काजल चार महीने की गर्भवती थीं। उनके भाई निखिल ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में उनके ही घर में पति द्वारा किए गए कथित हमले के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी। पुलिस के अनुसार, काजल पर हमला उनकी मौत से करीब पांच दिन पहले हुआ था और मंगलवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
FIR में जोड़ी गईं हत्या और दहेज उत्पीड़न की धाराएं
काजल की मौत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर में हत्या और दहेज उत्पीड़न से जुड़ी धाराएं जोड़ दी हैं। परिवार ने आरोप लगाया है कि पति और ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर काजल को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि ये धाराएं पीड़िता के परिजनों के बयानों के आधार पर जोड़ी गई हैं।
हत्या से पहले की फोन कॉल बनी अहम सबूत
इस सनसनीखेज मामले में काजल की मौत से कुछ मिनट पहले की एक फोन कॉल को जांच का सबसे अहम सबूत माना जा रहा है। आरोप है कि पति अंकुर ने दहेज को लेकर काजल की बेरहमी से पिटाई की, जबकि वह गर्भवती थीं।
“तेरी बहन को मार रहा हूं, कॉल रिकॉर्ड कर ले”
काजल के भाई निखिल ने बताया कि 22 जनवरी की रात उन्हें अपने जीजा अंकुर का फोन आया। निखिल के मुताबिक, अंकुर ने कहा,
“इस कॉल को रिकॉर्ड पर रख, पुलिस सबूत में काम आएगा। मैं तेरी बहन को मार रहा हूं, पुलिस मेरा कुछ नहीं कर पाएगी।”
निखिल ने बताया कि कुछ मिनट बाद फिर कॉल आया, जिसमें काजल की चीखें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद अंकुर ने कहा, “वो मर गई है, अस्पताल आ जाओ।” जब तक परिवार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा, काजल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा चुका था।
दरवाजे पर सिर पटका, डंबल से किया हमला
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकुर ने काजल का सिर कई बार दरवाजे के फ्रेम से टकराया और फिर उस पर डंबल से हमला किया। फोरेंसिक जांच के दौरान दरवाजे के फ्रेम और डंबल पर खून के धब्बे मिले हैं। पहले काजल को मोहन गार्डन के तारक अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में उन्हें गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां 27 जनवरी को उनकी मौत हो गई।
लगातार दहेज मांगने के आरोप
काजल के माता-पिता का आरोप है कि यह हत्या लंबे समय से चल रहे दहेज उत्पीड़न का नतीजा है। मां ने बताया कि दोनों की लव मैरिज हुई थी और शादी में परिवार ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके अलावा बुलेट मोटरसाइकिल, गहने और नकद भी दिया गया। बाद में आरोपी ने कार की मांग की, जिसे काजल ने अपने पैसों से खरीदकर दिया। इसके बावजूद उत्पीड़न नहीं रुका।
आरोपी पति गिरफ्तार, तिहाड़ जेल भेजा गया
घटना के तुरंत बाद आरोपी पति अंकुर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर तैनात था। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद उसे नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया है। जांच के तहत आरोपी के कई रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
पहले से मानसिक तनाव में थी काजल
शिकायत में काजल के भाई निखिल ने बताया कि उनकी बहन लंबे समय से दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी। 2024 में बेटे के जन्म के बाद भी पति-पत्नी के रिश्ते सुधरे नहीं। निखिल का कहना है कि काजल अक्सर कहती थी कि वह अब और अत्याचार सहन नहीं कर पा रही है।