उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि यह अब सिद्ध हो चुका है कि पाकिस्तान आतंकवाद में लिप्त है और वह अब अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहा है। लखनऊ में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पाकिस्तान की भूमिका पर तीखी टिप्पणी की।
“भारत हर परिस्थिति में विजयी रहेगा”
योगी आदित्यनाथ ने कहा,”भारत हर परिस्थिति में विजयी है और विजयी रहेगा।”
उन्होंने आतंकवादियों के अंतिम संस्कार में पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों और नेताओं की मौजूदगी को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि पाकिस्तान सिर्फ आतंकियों को पनाह ही नहीं देता, बल्कि उन्हें समर्थन भी करता है।
“पाकिस्तान अब अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहा”
मुख्यमंत्री ने कहा,”भारत की कार्रवाई के बाद जब आतंकवादी मारे गए, तो उनके अंतिम संस्कार में पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारी और राजनेता शामिल हुए। इससे साफ हो गया है कि पाकिस्तान सीधे तौर पर आतंकवाद में शामिल है और अब अपने अस्तित्व के लिए भी संघर्ष कर रहा है।”
भारत ने लिया आतंकवादी हमले का बदला
उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारत ने इसका करारा जवाब देने का संकल्प लिया है।”हमारे निर्दोष पर्यटकों पर जिस तरह हमला हुआ, वह बर्बरता का उदाहरण है। प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ संकल्प और हमारे सैनिकों की वीरता से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब मिला है।”
अफवाहों से सावधान रहने की चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से आग्रह किया कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और गलत जानकारियों से सतर्क रहें।”सोशल मीडिया के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिशें होंगी। हमें ऐसे झूठे प्रचार से सावधान रहना होगा और राष्ट्रहित में एकजुट रहना चाहिए।”
“महाराणा प्रताप जयंती हमें एकता का संदेश देती है”
अंत में उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप जयंती का यह अवसर देश को एकजुट होने और सुरक्षा बलों के साथ खड़े रहने की प्रेरणा देता है।”हमें हमारे जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना चाहिए। भारत निश्चित रूप से विजयी होगा।”