पूरे देश में ‘जय हिंद’ की गूंज है। भारत की सेना की कार्रवाई पर आज हर नागरिक को गर्व है। भारत ने दुश्मन देश को सिर्फ जवाब नहीं दिया, बल्कि आतंक की जड़ों पर ऐसा प्रहार किया है जिससे पाकिस्तान दोबारा खड़ा नहीं हो पाएगा।
पाकिस्तान आतंकवाद का जन्मदाता, अब दुनिया भी मान रही
भारत लंबे समय से कहता रहा है कि पाकिस्तान आतंकवाद का शिकार नहीं, आतंकवाद का उत्पादक है। वर्षों तक पाकिस्तान इस सच्चाई से इनकार करता रहा और झूठे प्रचार से दुनिया को भ्रमित करता रहा। लेकिन अब भारत ने यह साफ कर दिया है कि अब बर्दाश्त नहीं होगा। भारत ने पाकिस्तान के आतंकवाद की फाइल फुल एंड फाइनल बंद करने का संकल्प लिया है।
अंतरराष्ट्रीय समर्थन भारत के साथ
आज भारत के खिलाफ पाकिस्तान का झूठा प्रचार बेनकाब हो चुका है। चीन, तुर्की और मुस्लिम देशों से समर्थन की उम्मीद में बैठा पाकिस्तान अब पूरी तरह अलग-थलग पड़ गया है। चीन ने भारत की आलोचना नहीं की, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ बयान दिया। अमेरिका और इजरायल खुलकर भारत के साथ आ गए हैं। सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि भारत का राजनीतिक विपक्ष भी इस बार एकजुट होकर सेना के साथ खड़ा है।
ऑपरेशन सिंदूर: आतंक के ठिकाने तबाह
भारत ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन सिंदूर में निशाना आम लोग नहीं, बल्कि आतंकी बेस कैंप थे। LOC पर अब बारूद नहीं, भारत की बातों की गरज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सुनाई दे रही है।
पाकिस्तान में मचा हाहाकार, जनता सदमे में
एक वायरल वीडियो में पाकिस्तानी एंकर रोते हुए आतंकियों को ‘मासूम शहीद’ बता रही हैं, जो पाकिस्तान की अंदरूनी हालत को दर्शाता है। पाकिस्तान की सेना (ISPR) 26 लोगों की मौत का दावा कर रही है, जबकि जैश-ए-मोहम्मद चीफ मसूद अजहर की फैमिली खुद मान रही है कि उनके 10 परिजन मारे गए हैं।
चीन ने क्या कहा?
चीनी विदेश मंत्रालय ने भारत के हमले को “अफसोसजनक” बताते हुए चिंता जाहिर की, लेकिन यह भी कहा कि चीन किसी भी तरह के आतंकवाद का समर्थन नहीं करता। चीन ने दोनों देशों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की। जब चीन से पूछा गया कि क्या इस संघर्ष में चीनी फाइटर जेट शामिल थे, तो उसने इस पर जानकारी से इनकार कर दिया।