मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज गोकुलपुरी स्थित कांवड़ शिविर का उद्घाटन कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ सांसद श्री मनोज तिवारी, दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री कपिल मिश्रा और विधायक श्री अजय महावर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने यमुना विहार स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भोलेनाथ से आशीर्वाद भी लिया।
दिल्ली में कांवड़ यात्रा बना धार्मिक उत्सव
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सावन के इस पावन अवसर पर पूरे दिल्ली में एक उत्सव जैसा वातावरण है। सभी कांवड़ शिविरों की व्यवस्था सरकार, प्रशासन, मंत्री और विधायक मिलकर समय से पहले सुनिश्चित कर चुके हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी श्रद्धालु असुविधा का शिकार न हो।
अब पारदर्शी और तकनीक आधारित प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले की सरकारों में महज़ 170 कैंप लगाए जाते थे, जिनमें कई फर्जी नामों पर रजिस्टर थे। टेंट माफिया करोड़ों की राशि हड़प जाते थे, जबकि असली श्रद्धालु सुविधाओं से वंचित रहते थे। अब व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी है। इस बार 374 कांवड़ शिविर लगाए गए हैं और सभी को सिंगल विंडो सिस्टम के ज़रिए 72 घंटे में अनुमति दी गई है।
शिविरों को सीधे बैंक खातों में सहायता राशि
इस बार सभी संस्थाओं का पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। शिविरों को दो किश्तों में वित्तीय सहायता दी जा रही है, जो सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है। इससे धन के दुरुपयोग पर रोक लगी है और पारदर्शिता बढ़ी है।

सभी शिविरों में संपूर्ण सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर शिविर में साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, लाइट, सुरक्षा, भोजन जैसी सभी आवश्यक सेवाएँ सुनिश्चित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने शिविर में मौजूद स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए दिल्लीवासियों से अपील की कि वे कांवड़ यात्रियों का खुले दिल से स्वागत करें।
सहायता राशि बढ़ाने पर विचार
मुख्यमंत्री ने बताया कि कांवड़ समिति के चेयरमैन श्री कपिल मिश्रा सहित कई संगठनों ने शिविरों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाने का सुझाव दिया है। दिल्ली सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है ताकि सुविधाओं की गुणवत्ता और बेहतर हो सके।
धार्मिक परंपरा का सम्मान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा का गौरवशाली प्रतीक है। हमारी सरकार श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक यात्रा अनुभव देने के लिए संकल्पित है।”