केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल को “निकम्मा” बताते हुए उन पर भारतीय सेना का अपमान करने और पाकिस्तान जैसी भाषा बोलने का आरोप लगाया। गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का रवैया राष्ट्रविरोधी है और जनता उन्हें पूरी तरह से नकार देगी।
“राहुल गांधी की जुबान पाकिस्तान जैसी”
गिरिराज सिंह ने कहा,”राहुल गांधी ने भारत की सेना के पराक्रम पर सवाल उठाए, उसकी बहादुरी पर शक जताया और दुनिया भर में देश की सेना की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया। ऐसे व्यक्ति को बिहार की जनता क्यों समर्थन देगी, जो सेना और देश का सम्मान नहीं करता? राहुल गांधी की ज़ुबान पाकिस्तान जैसी है।”
“सेना का अपमान, देश की वीरता का मज़ाक”
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि,”प्रधानमंत्री मोदी का अपमान नहीं हो रहा, अपमान भारत की सेना का हो रहा है। 1971 में जब पाकिस्तान पर जीत हुई थी, तो सेना जीती थी, न कि कोई नेता। उस वक़्त अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि अब कोई पार्टी नहीं, सिर्फ भारत है। लेकिन राहुल गांधी जैसे नेता देश की सेना और वीरता का मज़ाक बना रहे हैं। ऐसे लोगों का बहिष्कार किया जाना चाहिए।”
राहुल गांधी का बिहार दौरा
राहुल गांधी शुक्रवार को बिहार के गया एयरपोर्ट पहुंचे। कांग्रेस पार्टी के अनुसार वे ‘संविधान सम्मेलन’ में शामिल होंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इससे पहले वे दरभंगा पहुंचे थे, जहां उन्होंने छात्रों से संवाद किया और जाति जनगणना व आरक्षण जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
प्रशासन से टकराव, जातीय जनगणना पर जोर
मई महीने में राहुल गांधी ने दरभंगा के अंबेडकर छात्रावास में बिना अनुमति भाषण दिया था, जिस पर जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय की वकालत करते हुए जातिगत जनगणना की ज़रूरत पर बल दिया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को जनता के दबाव में इसकी घोषणा करनी पड़ी।