कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने साफ कहा है कि वह अपना पूरा पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। उन्होंने कहा, “हां, मैं मुख्यमंत्री के तौर पर काम करता रहूंगा। आपको इसमें संदेह क्यों है?”
साथ ही उन्होंने भाजपा और जेडीएस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कांग्रेस में दरार की झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। सिद्धारमैया ने पूछा, “क्या वे कांग्रेस आलाकमान हैं?”
शिवकुमार ने भी किया समर्थन, बोले – कोई मतभेद नहीं
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भी स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी तरह का असंतोष नहीं है। उन्होंने कहा, “जब सिद्धारमैया मुख्यमंत्री हैं, तो किसी भी प्रकार की बहस की जरूरत नहीं है।”
शिवकुमार ने जोर देकर कहा कि पार्टी में अनुशासन जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी किसी से उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग नहीं की। उन्होंने नेताओं को चेतावनी दी कि अगर कोई सार्वजनिक रूप से नेतृत्व परिवर्तन की बात करेगा, तो उसे नोटिस जारी किया जाएगा।
संगठन में हो रहा बदलाव, अनुशासन है प्राथमिकता
शिवकुमार ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ब्लॉक और जिला स्तर पर संगठनात्मक परिवर्तन कर रही है। विधायकों के बयानों पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा, “मैं अकेला मेहनत करने वाला नहीं हूं, हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर हम आगे बढ़ रहे हैं। हमें पहले उनके बारे में सोचना होगा।”