प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत वाईएस जगन मोहन रेड्डी और डालमिया सीमेंट्स (भारत) लिमिटेड (DCBL) की 405 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं। यह कार्रवाई एक दशक से अधिक पुराने मामले में की गई है।
संपत्तियों का बाजार मूल्य 793 करोड़ से अधिक
हालांकि DCBL ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है, उनका वर्तमान मूल्य 793.3 करोड़ रुपये है।
ईडी की हैदराबाद इकाई ने 31 मार्च को कुर्की आदेश जारी किया, जो 15 अप्रैल को DCBL को प्राप्त हुआ।
2011 की सीबीआई जांच से जुड़ा है मामला
यह मामला 2011 में सीबीआई द्वारा शुरू की गई जांच से जुड़ा है, जिसमें जगन रेड्डी पर ‘क्विड प्रो क्वो’ निवेश (लेन-देन के बदले में राजनीतिक लाभ) का आरोप है।
यह कथित अनियमितताएं जगन के मुख्यमंत्री बनने से पहले के व्यवसायिक वर्षों की बताई जाती हैं।
शेयर और जमीन की कुर्की
ईडी द्वारा जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया, उनमें शामिल हैं:
27.5 करोड़ रुपये के शेयर, जो जगन की कंपनियों जैसे
कार्मेल एशिया होल्डिंग्स,
सरस्वती पावर एंड इंडस्ट्रीज,
हर्षा फर्म में लगाए गए थे।
इसके अलावा, आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में DCBL द्वारा अधिग्रहित 377.2 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि भी जब्त की गई है।
सीमेंट कंपनी में निवेश के बदले खनन पट्टा?
ईडी और सीबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, DCBL ने रघुराम सीमेंट्स लिमिटेड (जगन से जुड़ी कंपनी) में 95 करोड़ रुपये निवेश किया। इसके बदले में कथित तौर पर कडप्पा जिले में 407 हेक्टेयर भूमि पर खनन पट्टा दिलाया गया।
एजेंसियों का आरोप है कि यह निवेश वैध व्यवसायिक सौदे की बजाय एक प्रकार की ‘रिश्वत’ थी, जिसमें जगन रेड्डी के तत्कालीन मुख्यमंत्री पिता वाईएस राजशेखर रेड्डी के प्रभाव का इस्तेमाल किया गया।