उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद अम्बेडकरनगर में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण मेला के दौरान युवाओं के भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में उनकी पूरी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किया, विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण प्रदान किए और विद्यार्थियों को टैबलेट बांटे।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बदलती छवि का उल्लेख करते हुए कहा कि 7 साल पहले यूपी को भारत का ‘डार्क स्पॉट’ माना जाता था। उस समय यूपी को भारत के विकास में बाधक माना जाता था, लेकिन आज यूपी एक उज्ज्वल स्थान बन गया है और भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि अब यूपी निवेश के लिए एक ड्रीम डेस्टिनेशन है, जहां अब अराजकता, दंगे, और माफिया की जगह सुरक्षा और समृद्धि ने ले ली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतीत में जब वैकेंसी निकलती थी, तो भ्रष्टाचार और वसूली आम बात थी। लेकिन अब अगर कोई ऐसा करेगा तो उसकी संपत्ति जब्त कर गरीबों में बांट दी जाएगी और महिलाओं के लिए कल्याण गृह स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों और बेटियों को 24 घंटे के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। साथ ही, परिवार के किसी एक सदस्य को भी साथ ले जाने की अनुमति होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में 60 हजार से अधिक युवाओं की भर्ती की जाएगी, जिसमें 20 प्रतिशत स्थान बेटियों के लिए आरक्षित होंगे, ताकि वे सड़कों पर शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकें।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर को ‘सोलर सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बांदा में स्थापित 70 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना का वर्चुअल उद्घाटन किया और कहा कि उत्तर प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा केंद्र बन सकता है, विशेषकर बुंदेलखंड और विंध्य में सौर ऊर्जा के उत्पादन की संभावनाएं बहुत अधिक हैं।