NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

Weather Delhi NCR : ठंड और कोहरा के चलते दिल्ली में आज सीजन की सबसे ठंडी रही सुबह; रेड अलर्ट जारी

Share This Post

नई दिल्ली,(नेशनल थॉट्स ) : दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे का सितम जारी है। पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। सर्दी और कोहरे के चलते सड़क यातायात के साथ ही रेलवे और हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं हैं।

उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, और जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड ने अपना प्रभाव दिखाया है। सड़कों पर वाहनों के लिए बड़ी मुश्किलें उत्पन्न हो रही हैं और दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान में इस सीजन का सबसे कम 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर में ठंड और घने कोहरे की स्थिति के चलते रेड अलर्ट जारी किया है।

 

 
दिल्ली में सर्दी का येलो अलर्ट
शनिवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर दृश्यता शून्य रही। मौसम विभाग ने आज और कल सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया है। अभी कोहरा कुछ दिन सवेरे और शाम को परेशान करने वाला है। मौसम ठंडा बना रहेगा और सर्द हवाएं लोगों की दुश्वारियां बढ़ाएंगी। दिन में बादल छाये रहने से रात का तापमान कुछ बढ़ सकता है। अनुमान है कि 10 जनवरी तक न्यूनतम तापमान बढ़कर आठ डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि अधिकतम तापमान स्थिर रहने का अनुमान है। शीतलहर के कारण कई ट्रेनें देरी से चलने के कारण हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
 
दिल्ली में पांच साल की सबसे सर्द सुबह
उत्तर भारत में गलन भरी सर्दी का दौर जारी है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व यूपी के कई जिलों में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम पारा सामान्य से तीन डिग्री लुढ़ककर 3.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो बीते पांच साल का सबसे कम तापमान है। वहीं, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 200 ट्रेनें छह घंटे तक की देरी से चलीं। जबकि 500 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित रहीं। वहीं, लोग शीतलहर से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
 
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब-हरियाणा के कई इलाकों में यह शून्य के करीब पहुंच गया। पंजाब के अमृतसर में पारा 1.4 डिग्री रहा, जबकि बठिंडा में यह 2 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में सबसे कम 2.2 डिग्री, हिसार में 2.6 डिग्री और झज्जर में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इन दोनों राज्यों के अधिकांश हिस्से घने कोहरे की चपेट में भी रहे। वहीं, राजस्थान के माउंट आबू में शुक्रवार को न्यूनतम पारा माइनस एक डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बृहस्पतिवार को यह माइनस तीन डिग्री सेल्सियस था। इसके कारण इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में कई जगह बर्फ की हल्की सी परत भी नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *