नई दिल्ली, (नेशनल थॉट्स ) – डोमिनिकन गणराज्य की उपराष्ट्रपति, महामहिम सुश्री रक़ेल पेना रोड्रिग्ज ने आज (3 अक्टूबर, 2023) राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।
दोनों देशों के संबंधों की 25वीं वर्षगांठ का आयोजन
उपराष्ट्रपति की पहली भारत यात्रा पर उनका स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि इस यात्रा का समय बहुत उपयुक्त है क्योंकि भारत और डोमिनिकन गणराज्य अपने राजनयिक संबंधों की 25वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध मधुर और मैत्रीपूर्ण हैं, जो लोकतंत्र के साझा मूल्यों की मजबूत नींव और वैश्विक मुद्दों पर विचारों के व्यापक मेल-मिलाप पर आधारित हैं।
व्यापारिक सहयोग की संभावना
राष्ट्रपति ने कहा कि डोमिनिकन गणराज्य लैटिन अमेरिका में भारत का 8वां सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। उन्हें विश्वास था कि व्यापार में और विविधता लाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि फार्मास्युटिकल उत्पादों, समुद्री विज्ञान, मौसम विज्ञान, आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे और डिजिटल भुगतान प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों में एक साथ काम करने और हमारे अनुभव और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करने की गुंजाइश है।
सहयोग के क्षेत्रों में एक साथ काम करने का आलंब
राष्ट्रपति ने कहा कि क्षमता निर्माण भारत-डोमिनिकन गणराज्य के बीच सहयोग के केंद्रीय स्तंभों में से एक है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि हाल ही में, भारत ने साइबर सुरक्षा और रिमोट सेंसिंग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में डोमिनिकन गणराज्य के अधिकारियों के लिए दो विशेष आईटीईसी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किए हैं।
दोनों नेता इस बात पर सहमत थे कि भारत और डोमिनिकन गणराज्य के बीच निरंतर आदान-प्रदान और संपर्क से द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।