NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

तुलसी विवाह आज: जानें पूजा विधि और शुभ मुहूर्त

Share This Post

आज यानी 21 नवंबर 2026 को देशभर में तुलसी विवाह का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में तुलसी विवाह को बेहद शुभ और मंगलकारी माना जाता है। हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन घरों और मंदिरों में देवी तुलसी और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह पूरे विधि-विधान से कराया जाता है।

धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली आती है। साथ ही भगवान विष्णु और माता तुलसी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। आइए जानते हैं तुलसी विवाह की तिथि, शुभ मुहूर्त, पूजन विधि और धार्मिक महत्व के बारे में।

तुलसी विवाह 2026: तिथि और शुभ मुहूर्त

वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि 21 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 31 मिनट से शुरू हो रही है। इस तिथि का समापन 22 नवंबर 2026 को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर होगा।

उदयातिथि के आधार पर तुलसी विवाह का पर्व 21 नवंबर 2026 को मनाया जा रहा है। इस दिन पूजा के लिए शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर 7 बजकर 49 मिनट तक रहेगा।

तुलसी और शालिग्राम विवाह की पूजन विधि

तुलसी विवाह के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और सूर्य देव को अर्घ्य दें। इसके बाद देवी तुलसी के पौधे के आसपास की जगह को अच्छी तरह साफ करें। पूजा स्थल पर रंगोली बनाएं और गन्ने की मदद से एक सुंदर मंडप तैयार करें। इसके बाद तुलसी के गमले को सजाएं।

देवी तुलसी को लाल चुनरी, फूलों और आभूषणों से सजाएं।

भगवान शालिग्राम को तुलसी के पौधे के पास स्थापित करें।

दोनों को रोली, चंदन और हल्दी अर्पित करें।

पूजा स्थल पर दीपक जलाकर विधि-विधान से पूजन करें।

विवाह के मंत्रों का उच्चारण करते हुए तुलसी और शालिग्राम की परिक्रमा कराएं।

अंत में भगवान और माता तुलसी की आरती करें तथा फल और मिठाई का भोग लगाएं।

पूजा संपन्न होने के बाद अपनी भूल-चूक के लिए क्षमा याचना करें और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें।

तुलसी विवाह का धार्मिक महत्व

हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन देवी तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने से भगवान श्रीहरि विष्णु और माता तुलसी का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

यह पर्व वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास, सुख-शांति और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह कराने से घर में सकारात्मकता और खुशहाली आती है।

इसके साथ ही तुलसी विवाह के बाद कई स्थानों पर विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी मानी जाती है। यही वजह है कि हिंदू धर्म में इस पर्व को विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *