झारखंड के धनबाद जिले में एक आदिवासी महिला ने अपने शराबी पति की हत्या कर उसके शव को घर के अंदर ही दफना दिया। मामला तब खुला जब रिश्तेदारों को संदेह हुआ और पड़ोसियों ने घर से आ रही दुर्गंध की शिकायत की। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। घटना टुंडी थाना क्षेत्र के तिलैयातन गांव की है।
रिश्तेदारों और पड़ोसियों के संदेह से खुला मामला
टुंडी थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि सुरजी मझियान (42) ने अपने पति सुरेश हांसदा (45) की हत्या कर शव को मिट्टी के घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
सुरेश हांसदा एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ था।
पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध आने की शिकायत की।
इसके बाद रिश्तेदारों ने शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना दी।
पत्नी ने अपराध कबूला
पूछताछ में महिला ने पहले पति की अनुपस्थिति के बारे में अलग-अलग बातें कहीं, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
महिला ने बताया कि उसका पति रोज़ शराब पीकर आता था।
उसके अन्य महिलाओं से संबंध थे।
लगातार झगड़ों से परेशान होकर उसने पति की लाठी और दरांती से हत्या कर दी।
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने की कोशिश कर रही है।
शव निकाले जाने की तैयारी
पुलिस ने शव बाहर निकालने के लिए जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट की तैनाती का अनुरोध किया है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला जाएगा और धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।