टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने जानकारी दी है कि वह अपने तमिलनाडु स्थित कारखाने में बृहस्पतिवार से आंशिक परिचालन बहाल करने की योजना बना रही है। इस कारखाने में पिछले सप्ताह आग लग गई थी, जिसके बाद से परिचालन निलंबित था।
तमिलनाडु के होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के इलेक्ट्रॉनिक घटक कारखाने के रासायनिक गोदाम में 28 सितंबर को भीषण आग लग गई थी, जिसके कारण सभी गतिविधियाँ रोक दी गई थीं। कंपनी ने एक बयान में कहा, “हम आज से संयंत्र के कई स्तरों पर काम फिर से शुरू करने की योजना बना रहे हैं। पूर्ण परिचालन शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए, हमारे दल के सभी सदस्यों को पूरा वेतन मिलता रहेगा।”
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स का होसुर कारखाना एप्पल के आईफोन 15 और आईफोन 16 सीरीज के लिए ‘स्मार्टफोन केस’ का निर्माण करता है। हालांकि, आगजनी की घटना से आईफोन की आपूर्ति पर असर पड़ने की संभावना कम है, क्योंकि कंपनी के पास अगले तीन महीनों की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।