लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी को पूर्ण बहुमत न मिलने के पीछे एक बड़ा कारण उत्तर प्रदेश था, जहां समाजवादी पार्टी ने बीजेपी की राह रोक दी। इसके साथ ही राम मंदिर के उद्घाटन के बावजूद बीजेपी को अयोध्या की फैजाबाद सीट भी गंवानी पड़ी। इसके बाद से ही इस सीट से जीते सपा सांसद अखिलेश यादव के पोस्टर ब्वॉय बन गए। समाजवादी पार्टी के नारे “ना मथुरा, ना काशी, अबकी बार अवधेश पासी” ने सामाजिक और आर्थिक चिंताओं की ओर मतदाताओं की बदलती पसंद को उजागर किया। लेकिन अब अयोध्या में सपा नेता की दबंगई की एक शर्मनाक करतूत सामने आई है।
अयोध्या के पूरा कलंदर क्षेत्र के एक गांव में 12 साल की लड़की के साथ गैंगरेप की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मुईद और राजू खान ने दो महीने पहले नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और इस घटना को रिकॉर्ड भी किया। हाल ही में मेडिकल जांच में पता चला कि पीड़िता गर्भवती है। यह दावा किया गया कि मुईद खान सपा का सदस्य है और आरोपी सपा नेता अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद का करीबी भी है।
सपा नेता पर आरोप है कि उसने पीड़िता की मां को धमकाया कि 2 हजार रुपए लेकर अपनी बेटी का गर्भ गिरा दो, अन्यथा टुकड़े करवाकर फेंकवा दूंगा। पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत की बात की तो सपा नेता ने कहा कि चौकी मेरे घर से चल रही है। अगर ज्यादा उधम मचाओगी तो तुम्हारी बेटी के टुकड़े करके फेंकवा दूंगा, लाश भी नहीं मिलेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया। योगी ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
2 अगस्त को अयोध्या गैंग रेप मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद जिला प्रशासन ने आरोपी समाजवादी पार्टी नेता मोईद खान की संपत्ति पर बुलडोजर की कार्रवाई शुरू कर दी। यूपी सरकार ने थाना और चौकी प्रभारियों को भी निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही, खाद्य सुरक्षा उपायुक्त ने मोईद खान की बेकरी पर छापा मारा और उत्पादों की जांच के आदेश दिए। मोईद खान ‘एवन बेकरी’ नाम से एक बेकरी चलाते हैं जो भदरसा में स्थित है।