केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक कार्यक्रम में कहा कि अविभाजित भारत के मुसलमान विभाजन नहीं चाहते थे, लेकिन उस समय कांग्रेस नेताओं की तुष्टिकरण नीति ने देश के विभाजन की नींव रखी। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा, “बाकी सब कुछ सहन कर लेना, लेकिन तुष्टिकरण कभी नहीं। यह ऐसा ज़हरीला नासूर है जिसे हमेशा के लिए देश से उखाड़ फेंकना चाहिए।”
“तहव्वुर राणा का प्रत्यर्पण मोदी सरकार की कूटनीतिक जीत है”
शाह ने मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण को सरकार की बड़ी कूटनीतिक सफलता बताया। उन्होंने कहा, “बम धमाकों के समय जो सरकार सत्ता में थी, वह इसे नहीं कर सकी। लेकिन मोदी सरकार ने यह करके दिखाया है।”
वक्फ कानून पर सफाई: “हर वर्ग को मिलना चाहिए प्रतिनिधित्व”
अमित शाह ने वक्फ कानून का बचाव करते हुए कहा कि पसमांदा मुसलमानों, ओबीसी वर्ग और अन्य मुस्लिम समुदायों—जैसे शिया, आगाखानी, दाऊदी बोहरा, महमदिया और अहमदिया—को भी वक्फ में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, “नया वक्फ बिल मुस्लिम समाज के हर अंग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करता है।”
CAA पर कांग्रेस को घेरा: “एक भी मुसलमान की नागरिकता नहीं गई”
शाह ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को लेकर लोगों को गुमराह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि, “दो साल बाद भी एक भी मुसलमान की नागरिकता नहीं गई है।”
कांग्रेस ने देश को गुमराह किया, हिंसा की जिम्मेदार वही है”
गृह मंत्री ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर आरोप लगाते हुए कहा, “कांग्रेस और उसके साथी दलों ने CAA को लेकर देश में भ्रम फैलाया, जिससे अशांति और हिंसा हुई।”
“कीचड़ में खिलता है कमल” – मोदी पर किए गए हमलों का जवाब
अमित शाह ने कहा, “कांग्रेस ने जितनी बार प्रधानमंत्री मोदी को गालियां दी हैं, मोदी और भी मजबूत होकर सामने आए हैं। उन्हें नहीं पता, हमारा चुनाव चिन्ह कमल है—जो कीचड़ में ही खिलता है।”
बंगाल में घुसपैठ पर सख्त रुख: “बीजेपी की सरकार आते ही घुसपैठ खत्म”
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में होने वाली घुसपैठ पर चिंता जाहिर की और कहा कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है तो यह समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि, “250 किमी बॉर्डर पर फेंसिंग भूगोलिक कारणों से संभव नहीं है और 400 किमी क्षेत्र में राज्य सरकार जमीन नहीं दे रही है।”
“POK हमारा है, कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता”
अंत में शाह ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) पर भारत के रुख को दोहराते हुए कहा, “यह साफ है—PoK भारत का हिस्सा है। भारत की एक इंच जमीन पर भी किसी को आंख उठाकर देखने नहीं देंगे।”