NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

शेफाली जरीवाला की मौत पर सस्पेंस, जांच के लिए फोरेंसिक टीम पहुंची

Share This Post

‘कांटा लगा’ फेम अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की उम्र में अचानक निधन हो गया। शुक्रवार देर रात उन्हें मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

कार्डियक अरेस्ट की आशंका, कारण स्पष्ट नहीं

हालांकि, मौत का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शेफाली को उनके पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोग अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

मुंबई पुलिस के अनुसार, शेफाली का शव उनके अंधेरी स्थित घर से बरामद किया गया। घटना की सूचना रात 1 बजे पुलिस को मिली। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने उनके घर पर जांच शुरू कर दी है।

परिवार की ओर से अब तक कोई बयान नहीं

परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वायरल वीडियो में उनके पति पराग त्यागी को अस्पताल से बाहर निकलते देखा गया, जहां वह काफी दुखी नजर आए।

‘कांटा लगा’ से मिली थी लोकप्रियता

शेफाली जरीवाला को 2002 में आए पॉपुलर म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से बड़ी पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम और फिल्मों में काम किया। वह ‘बिग बॉस 13’ की प्रतिभागी भी रही थीं। शेफाली ने 2015 में अभिनेता पराग त्यागी से विवाह किया था।

पत्रकार ने दी थी सबसे पहले जानकारी

उनकी मौत की खबर सबसे पहले पत्रकार विक्की लालवानी ने सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमें लिखा गया था, “कांटा लगा गर्ल अब नहीं रहीं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *