श्रीलंका में बृहस्पतिवार को हुए संसदीय चुनाव में राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ दल ‘नेशनल पीपुल्स पावर’ (एनपीपी) पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ रहा है।
शुक्रवार सुबह छह बजे तक की मतगणना के अनुसार, एनपीपी ने राष्ट्रीय स्तर पर करीब 62 प्रतिशत वोट प्राप्त किए हैं। अब तक उसने जिलों से आनुपातिक प्रतिनिधित्व के तहत प्रस्तावित 196 सीटों में से 35 सीटें जीती हैं।
मुख्य विपक्षी दल ‘समागी जना बालवेगया’ (एसजेबी) को 18 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं और उसने आठ सीटें जीती हैं। वहीं, पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे के समर्थन से गठित ‘नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट’ (एनडीएफ) को पांच प्रतिशत से कम वोट मिले और उसने एक सीट हासिल की है।
राजपक्षे परिवार की पार्टी ‘श्रीलंका पीपुल्स फ्रंट’ (एसएलपीपी) को दो सीटों पर जीत मिली है।
विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव में एनपीपी को सितंबर में हुए राष्ट्रपति चुनाव से भी अधिक बढ़त प्राप्त हुई है। वे उम्मीद कर रहे हैं कि एनपीपी 225 सदस्यीय सदन में 150 सीटों से अधिक पर जीत हासिल करेगा।