युद्धग्रस्त यूक्रेन में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण यात्रा के लिए कीव ने पहले ही अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस यात्रा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें मोदी विमान से नहीं, बल्कि ट्रेन से यात्रा करेंगे। पोलिश सीमा से कीव पहुंचने के लिए उन्हें लगभग 10 घंटे की ट्रेन यात्रा करनी होगी। इसी मार्ग और साधन से अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, और इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने भी यात्रा की थी, जो रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान सुरक्षा कारणों से अपनाया गया था।
प्रधानमंत्री मोदी 23 अगस्त को यूक्रेन की राजधानी कीव की यात्रा के लिए पोलैंड से लक्जरी ट्रेन ‘रेल फ़ोर्स वन’ का इस्तेमाल करेंगे। यह विशेष रूप से डिज़ाइन की गई उच्च सुरक्षा वाली ट्रेन न केवल सुरक्षा बल्कि आराम का भी पूरा ख्याल रखती है। इस ट्रेन का इंटीरियर इसकी प्रभावशाली अतिथि सूची के अनुरूप है, जिसमें लकड़ी के पैनल वाले केबिन, बैठक के लिए विशाल टेबल, आलीशान सोफा, दीवार पर लगा टीवी, और आरामदायक सोने की व्यवस्था शामिल है।
पहले इन लग्जरी ट्रेनों को क्रीमिया जाने वाले पर्यटकों के लिए तैयार किया गया था, लेकिन 2014 में रूस द्वारा क्रीमिया पर कब्जा किए जाने के बाद, इनका इस्तेमाल युद्ध के समय वर्ल्ड लीडर्स और वीआईपी गेस्ट को लाने-ले जाने के लिए किया जाने लगा। पिछले साल भी इस ट्रेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन की कीव यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।