प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपनी दो दिवसीय गुजरात यात्रा की शुरुआत वडोदरा से की। वडोदरा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने एयरफोर्स स्टेशन तक लगभग एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान रास्ते के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर उन्हें बधाइयाँ दीं। रोड शो में अंतर्राष्ट्रीय छात्रों सहित हजारों लोग शामिल हुए।
कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार ने बरसाए फूल
रोड शो के दौरान एक विशेष दृश्य तब सामने आया जब भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पुष्पवर्षा की। यह दृश्य न केवल सम्मान का प्रतीक था बल्कि भारतीय सेना और जनता के बीच मजबूत भावनात्मक संबंध को भी दर्शाता है।
82,950 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान गुजरात के दाहोद, भुज और गांधीनगर में कुल 82,950 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें रेलवे, शहरी विकास और औद्योगिक पहल शामिल हैं।
दाहोद में ‘मेक इन इंडिया’ के तहत पहला 9000 HP इंजन राष्ट्र को समर्पित
पीएम मोदी दाहोद में लोकोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग शॉप का उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण रेल मंत्रालय ने 21,405 करोड़ रुपये की लागत से किया है। यहां निर्मित होने वाले 9000 एचपी इंजन ‘मेक इन इंडिया’ के तहत विकसित पहले लोकोमोटिव होंगे। साथ ही अन्य रेलवे परियोजनाओं पर 2,287 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे कुल रेलवे कार्यों की लागत 23,692 करोड़ रुपये तक पहुँचती है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली गुजरात यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली है, जिसमें भारत ने पाकिस्तान में 9 आतंकी शिविरों को नष्ट किया था। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें 26 निर्दोष लोग मारे गए थे।
26 मई का ऐतिहासिक महत्व
भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में 26 मई एक महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 2019 में दूसरी बार पीएम बनने के दौरान भी 26 मई की तारीख महत्वपूर्ण रही, जब राष्ट्रपति भवन की ओर से उनके शपथग्रहण की आधिकारिक घोषणा की गई थी।