ओमान में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत ऐतिहासिक और भव्य रहा। मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ओमान की सेना ने पूरे सम्मान और शान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अनुशासित सैनिकों की टुकड़ी, कदमताल और औपचारिक समारोह भारत-ओमान की गहरी दोस्ती को दर्शाता नजर आया।
डिप्टी पीएम ने किया औपचारिक स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे पर ओमान पहुंचे हैं, जो उनके तीन देशों के दौरे का तीसरा और अंतिम चरण है। मस्कट एयरपोर्ट पर ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैयद शहाब बिन तारिक अल सईद ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह यात्रा ओमान के सुल्तान हैतम बिन तारिक के निमंत्रण पर हो रही है और भारत-ओमान के 70 वर्षों के राजनयिक संबंधों का भी प्रतीक है।
पीएम मोदी का संदेश: पुरानी मित्रता, नई साझेदारी
ओमान पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि ओमान भारत का पुराना मित्र रहा है, जहां ऐतिहासिक रिश्तों की मजबूत नींव है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते खोलेगी और साझेदारी को नई गति देगी।
भारतीय समुदाय ने किया जोरदार स्वागत
हवाई अड्डे से होटल पहुंचने पर भी उत्साह कम नहीं हुआ। ओमान में रह रहे भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में राजस्थान का घूमर, गुजराती लोकगीत और कर्नाटक के लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। स्थानीय ओमानी कलाकारों की पारंपरिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।
व्यापार और समझौतों पर टिकी निगाहें
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले इथियोपिया और जॉर्डन का दौरा कर चुके हैं। ओमान यात्रा के दौरान भारत और ओमान के बीच कई अहम समझौतों पर चर्चा की उम्मीद है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण भारत-ओमान व्यापक व्यापार समझौता (FTA) माना जा रहा है। भारत सरकार इस समझौते को अंतिम रूप देने को लेकर आशावादी है और हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इसे मंजूरी भी दी है।