ब्रिटेन यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मालदीव की राजधानी माले पहुंचे, जहां राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके साथ मालदीव के विदेश, रक्षा, वित्त और गृह सुरक्षा मंत्री भी मौजूद थे। बच्चों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर पीएम मोदी का स्वागत किया।
प्रवासी भारतीयों में दिखा उत्साह
माले में प्रवासी भारतीय समुदाय के लोग प्रधानमंत्री से मिलने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे। एक प्रवासी भारतीय ने कहा,“भारत-मालदीव की दोस्ती मजबूत है। हम प्रधानमंत्री की उपलब्धियों पर गर्व करते हैं। उन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर गौरव दिलाया है।”
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस (26 जुलाई) समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे राष्ट्रपति मुइज्जू के निमंत्रण पर मालदीव पहुंचे हैं। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच विस्तृत वार्ता होने की संभावना है।
राष्ट्रपति मुइज्जू के कार्यकाल में पहली राजकीय यात्रा
यह यात्रा राष्ट्रपति मुइज्जू के नवंबर 2023 में पदभार संभालने के बाद पहली राजकीय यात्रा है जिसकी मेजबानी वह कर रहे हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इसे विशेष और ऐतिहासिक बताया।
भारत की मदद से चल रही परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान भारत की सहायता से चल रही कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यह यात्रा भारत-मालदीव संबंधों में आई हालिया खटास के बाद एक सकारात्मक मोड़ के रूप में देखी जा रही है।
राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ का विशेष संदर्भ
यात्रा से पहले पीएम मोदी ने कहा था,“इस वर्ष भारत और मालदीव के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ है। मैं राष्ट्रपति मुइज्जू और अन्य नेताओं के साथ आर्थिक और समुद्री सुरक्षा जैसे साझा हितों पर चर्चा को लेकर उत्साहित हूं।”