प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कटरा रेलवे स्टेशन से कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने ट्रेन में मौजूद स्कूली बच्चों और रेलवे कर्मचारियों से बातचीत भी की। यह ट्रेन उस सपने का साकार रूप है, जिसे पूरा होने में लगभग एक सदी लग गई।
श्रीनगर से कन्याकुमारी तक सीधी रेल यात्रा का रास्ता साफ
हालांकि वंदे भारत की पहली यात्रा श्रीनगर से कटरा के लिए शुरू हुई है, लेकिन इससे यह संकेत मिल गया है कि जल्द ही कश्मीर से लेकर देश के दक्षिणी छोर तक लोग सीधी ट्रेन यात्रा कर सकेंगे। यह भारत को उत्तर से दक्षिण तक जोड़ने वाला एक नया अध्याय होगा।
अब तक कश्मीर घाटी में बनिहाल से बारामुल्ला और जम्मू क्षेत्र में जम्मू-उधमपुर-कटरा के बीच ट्रेनें चल रही थीं। लेकिन वंदे भारत के साथ अब श्रीनगर भी देश के मुख्य रेल नेटवर्क से जुड़ गया है।
हिमालयी परिस्थितियों के लिए विशेष डिजाइन
कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को कठोर हिमालयी मौसम को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यह ट्रेन -20 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी आसानी से संचालन कर सकती है। इसकी खासियतें:
गर्म विंडस्क्रीन
एडवांस हीटिंग सिस्टम
थर्मली इंसुलेटेड शौचालय
ड्राइवर के लिए डीफ़्रॉस्टिंग ग्लास
इन तकनीकी खूबियों के चलते यह ट्रेन पूरे साल सुचारु रूप से चलने में सक्षम होगी।
यात्रा समय में बड़ी कटौती, सिर्फ 3 घंटे में कटरा से श्रीनगर
नई वंदे भारत ट्रेन चेनाब पुल से होते हुए कटरा से श्रीनगर की दूरी को महज 3 घंटे में तय करेगी। इससे वर्तमान यात्रा समय में 2 से 3 घंटे की कटौती होगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
7 जून से नियमित संचालन शुरू
इस उद्घाटन के बाद, 7 जून 2025 से कश्मीर के लिए दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। इससे पूरे क्षेत्र की पर्यटन, व्यापार और संपर्क की संभावनाएं और बढ़ जाएंगी।