एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय सामानों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने के फैसले की कड़ी आलोचना की है। इस टैरिफ के बाद कुल टैरिफ बढ़कर 50% हो गया है। ओवैसी ने इसे “विदूषक की धौंस” बताते हुए कहा कि इससे भारतीय निर्यातकों, छोटे व्यवसायों और नौकरियों को नुकसान होगा।
“क्या PM मोदी 56 इंच का सीना दिखाएंगे?”
ओवैसी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा, “ट्रंप ने भारत पर 25% का अतिरिक्त टैरिफ लगाया है क्योंकि हमने रूस से तेल खरीदा था। यह कूटनीति नहीं, बल्कि प्रमुख विदूषक की धौंस है।” ओवैसी ने व्यंग्यात्मक लहजे में पूछा कि क्या अब पीएम मोदी अपना 56 इंच का सीना दिखाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने धनी मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए देश की रणनीतिक स्वतंत्रता को बेच दिया है।
आदित्य ठाकरे ने भी सरकार की विदेश नीति पर उठाए सवाल
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने भी केंद्र सरकार की विदेश नीति पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के विरोधाभासी फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ तो चीन के बहिष्कार की बात होती है, वहीं दूसरी तरफ आधिकारिक यात्राएं और व्यापार जारी हैं। उन्होंने बांग्लादेश और पाकिस्तान के साथ क्रिकेट संबंधों का भी हवाला दिया और सवाल उठाया कि तनाव के बावजूद ऐसा क्यों किया जा रहा है।
ठाकरे ने लिखा, “हमें चीन का बहिष्कार करने को कहा गया, फिर भी आधिकारिक यात्राएं हो रही हैं! गलवान का क्या हुआ? अब टैरिफ 50% हो गया है। भारतीय छात्र, उद्योग और एमएसएमई मुश्किल में हैं, लेकिन केंद्र सरकार का कोई मंत्री इस पर नहीं बोल रहा है। हमारी विदेश नीति क्या है?”