सर्वदलीय बैठक में केंद्र सरकार की जानकारी, 100+ आतंकी ढेर
भारत-पाक संघर्ष की पृष्ठभूमि में केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक आयोजित की, जिसमें बताया गया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है और 100 से अधिक आतंकियों को अब तक मार गिराया गया है।
बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की और इसमें प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाग लिया।
कांग्रेस सहित सभी दलों ने जताया समर्थन
राहुल और खड़गे ने कहा— सरकार के साथ हैं
बैठक के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्होंने सरकार को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया है।
खड़गे ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कुछ गोपनीय जानकारियाँ साझा नहीं की गईं, और उन्होंने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई।
“सिर्फ शासन के लिए सत्ता में नहीं हैं”
रक्षा मंत्री का सख्त संदेश
बैठक में राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि,“हम सिर्फ शासन करने के लिए सरकार में नहीं हैं, बल्कि देश की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उनके इस बयान को एक स्पष्ट राजनीतिक और राष्ट्रीय संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
सभी दलों की एकजुटता की सराहना
रिजिजू बोले— नेताओं की एक आवाज़ हमारी ताकत
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सभी दलों ने भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर की सराहना की।
उन्होंने कहा कि,“राजनीतिक दल जनता की आवाज़ होते हैं। नेताओं का एक स्वर में बोलना हमारी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।”
प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति पर विपक्ष की टिप्पणी
प्रमोद तिवारी बोले— PM आते तो बेहतर होता
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने यह टिप्पणी की कि प्रधानमंत्री को भी बैठक में शामिल होना चाहिए था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ऑपरेशन और सरकार को समर्थन देने की बात दोहराई।