NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

“ओमर अब्दुल्ला बने J&K के पहले मुख्यमंत्री”

Share This Post

नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने आज जम्मू-कश्मीर की कमान संभाल ली। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें और उनके मंत्रियों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में हुआ, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

समारोह में नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, डीएमके सांसद कनिमोझी, माकपा नेता प्रकाश करात, भाकपा नेता डी. राजा, और सुप्रिया सुले जैसी बड़ी हस्तियां शामिल थीं।

कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव गठबंधन के तहत लड़ा था, लेकिन कांग्रेस सरकार में शामिल नहीं हुई। नेशनल कांफ्रेंस ने स्पष्ट किया कि दोनों दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है। बताया जा रहा है कि उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस को केवल एक कैबिनेट मंत्री पद की पेशकश की थी, जिसे कांग्रेस ने अस्वीकार कर दिया।

उमर अब्दुल्ला ने शपथ ग्रहण से पहले नेशनल कांफ्रेंस के संस्थापक शेख मोहम्मद अब्दुल्ला के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पठानी सूट और कोट में 54 वर्षीय अब्दुल्ला ने अपने दादा के स्मारक पर फूल चढ़ाए और हजरतबल में दुआ मांगी।

2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त होने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव हुए, जिसमें नेशनल कांफ्रेंस की जीत हुई और उमर अब्दुल्ला केंद्र शासित प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने। उन्होंने इससे पहले 6 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले आखिरी मुख्यमंत्री के रूप में भी इतिहास रचा था।

शपथ लेने के बाद उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करना उनकी प्राथमिकता होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *