गौतम बुद्ध नगर जिले में बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपाया। इस आपदा में दो वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान कई जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
लोहे की ग्रिल गिरने से महिला और बच्चे की मौत
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सूरजपुर थाना क्षेत्र की ‘मिगसन अल्टिमो सोसाइटी’ में 22वीं मंजिल से गिरी लोहे की ग्रिल की चपेट में आने से पार्क में टहल रहीं सुनीता (50 वर्ष) और उनके दो वर्षीय नाती की मौत हो गई।
पेड़ गिरने से एक और व्यक्ति की जान गई
एक अन्य घटना में, एनटीपीसी टाउनशिप में टहल रहे रामकृष्ण नामक व्यक्ति पर पेड़ गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
बिजली आपूर्ति और यातायात पर भी असर
तेज आंधी के कारण नोएडा में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सड़कों पर गिरे पेड़, बिजली के खंभे और मोबाइल टावरों के कारण कई स्थानों पर यातायात ठप हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान कम से कम तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं।