झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा अंतर्गत जराईकेले थाना क्षेत्र के कल्पबुरू जंगल में सुरक्षाबलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने यहां माओवादियों के पाँच भूमिगत बंकरों को ध्वस्त कर दिया है। माना जा रहा है कि इन बंकरों का इस्तेमाल नक्सली विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के बाद छिपने के लिए करते थे।
आईईडी और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद
सुरक्षा बलों ने जंगलों में छिपाकर रखे गए दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) भी बरामद किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई, जिसमें संकेत मिले थे कि माओवादी छोटानागरा क्षेत्र के जंगलों में विस्फोटक छिपा कर रखे हुए हैं।
संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान कार्रवाई
सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने शुक्रवार को तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पाँच बंकरों को नष्ट किया गया और विस्फोटक सामग्रियाँ बरामद की गईं। एसपी राकेश रंजन ने बताया कि बंकरों से डेटोनेटर, तीर बम और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद हुई है।
बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटकों को किया निष्क्रिय
बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही बम निरोधक दस्ते द्वारा सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई माओवादियों की आने वाली साजिशों को विफल करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।