NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

दिल्ली के दिल में मोदी… अमित शाह बोले, जनता ने झूठ और भ्रष्टाचार का अंत कर BJP को चुना

Share This Post

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त जीत हासिल की है। गृह मंत्री अमित शाह ने इस ऐतिहासिक जीत पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “दिल्ली के दिल में मोदी…। दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के ‘शीशमहल’ को नेस्तनाबूत कर, दिल्ली को ‘आप-दा’ मुक्त करने का काम किया है। यह विकास और विश्वास के नए युग की शुरुआत है।” शाह ने आगे कहा कि जनता ने वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो पूरे देश में झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेगा।

अहंकार और अराजकता की हार

शाह ने कहा, “दिल्ली में झूठ और अराजकता के शासन का अंत हुआ है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और विकास के विजन पर जनता के भरोसे की जीत है। भाजपा दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है।” उन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

दिल्ली ने दिया करारा जवाब

भाजपा नेता ने कहा कि जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने के लिए दूषित पानी, खराब सड़कों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को जीत के लिए बधाई दी। शाह ने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब महिलाओं के सम्मान, अनधिकृत कॉलोनीवासियों के स्वाभिमान और स्वरोजगार के नए अवसरों के साथ आदर्श राजधानी बनेगी।”

जेपी नड्डा: दिल्ली हुई ‘आप-दा’ मुक्त

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, “आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और विकासपरक नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास की जीत है।” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेतृत्व को जीत के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा, “दिल्ली अब झूठ और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में प्रवेश कर रही है।”

राजनाथ सिंह: डबल इंजन सरकार से विकास को नई ऊंचाई मिलेगी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा की जीत को जनता का मोदीजी की विश्वसनीयता और सुशासन में विश्वास बताया। उन्होंने कहा, “लगभग 27 साल बाद दिल्ली की जनता ने भाजपा पर अपना भरोसा जताया है। यह जीत दिल्ली के विकास को नई गति और बुलंदी प्रदान करेगी।”

दिल्ली में नई शुरुआत का ऐलान

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह जीत भ्रष्टाचार, झूठे वादों और तुष्टिकरण की राजनीति के अंत का प्रतीक है। दिल्ली में अब ‘डबल इंजन सरकार’ के माध्यम से विकास को नई दिशा दी जाएगी। जनता ने यह साफ कर दिया है कि अब केवल सुशासन और विकास ही स्वीकार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *