NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

महाराष्ट्र: BJP ने नवाब मलिक के लिए प्रचार से किया इनकार

Share This Post

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) के नवाब मलिक की उम्मीदवारी को लेकर महायुति में विवाद बढ़ता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुंबई प्रमुख आशीष शेलार ने स्पष्ट किया है कि पार्टी नवाब मलिक के समर्थन में प्रचार नहीं करेगी।

आशीष शेलार ने कहा, “हमारा रुख बिल्कुल साफ है। महायुति के सभी सहयोगियों को अपने उम्मीदवार घोषित करने का अधिकार है, लेकिन नवाब मलिक पर दाऊद इब्राहिम से संबंध रखने का आरोप है।” उन्होंने बताया कि भाजपा ने इस मुद्दे पर पहले ही अपना स्टैंड स्पष्ट किया है। देवेंद्र फडणवीस ने भी इसी विषय पर पहले बयान दिया था।

भाजपा नेता ने कहा कि अब सवाल सना मलिक को समर्थन देने का है, जो महायुति की उम्मीदवार हैं। उनका मानना है कि महायुति का हर उम्मीदवार भाजपा का उम्मीदवार होना चाहिए, बशर्ते उनके खिलाफ कोई आपत्ति न हो।

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि मानखुर्द शिवाजी नगर सीट पर ‘आधिकारिक’ उम्मीदवार एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना के सुरेश कृष्ण पाटिल हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “हम वोट जिहाद, आतंकवाद का समर्थन करने वाले उम्मीदवारों को हराने के लिए लड़ेंगे।”

इससे पहले, नवाब मलिक ने एनसीपी उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने बताया कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी नामांकन दाखिल कर चुके हैं। वर्तमान में इस विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी का कब्जा है। मलिक ने एनसीपी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें (चुनाव जीतने का) भरोसा है और बड़ी संख्या में मतदाता उनका समर्थन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *