पुणे। पुणे ग्रामीण पुलिस ने मनोरमा खेड़कर के पुणे स्थित आवास से एक महंगी कार, एक लाइसेंसी पिस्तौल और तीन गोलियां जब्त की हैं। अधिकारियों के अनुसार, विवादास्पद आईएएस प्रोबेशनर पूजा खेड़कर की मां, मनोरमा खेड़कर, को भूमि विवाद के सिलसिले में कथित तौर पर बंदूक दिखाकर धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मनोरमा खेड़कर को रायगढ़ जिले के महाड से सुबह-सुबह पकड़ा गया। वह महाड के हिरकनिवाड़ी में एक लॉज में छिपी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद, मनोरमा को पुणे जिले के पौड पुलिस स्टेशन लाया गया। पौड पुलिस ने खेडकर दंपत्ति और पांच अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें 323 (बेईमानी या धोखाधड़ी से संपत्ति को हटाना या छुपाना) और शस्त्र अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधान शामिल हैं।
पूजा खेड़कर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की उम्मीदवारी में विकलांगता और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) प्रमाणपत्रों के संबंध में अपने दावों के साथ-साथ पुणे कलेक्टर कार्यालय में कार्यकाल के दौरान अपने आचरण के लिए जांच के दायरे में हैं। पुणे की एक सत्र अदालत ने विवादास्पद परिवीक्षाधीन आईएएस अधिकारी पूजा खेड़कर के पिता दिलीप खेड़कर को 25 जुलाई तक गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया है।
इस अंतरिम संरक्षण का आदेश उस मामले में दिया गया है जिसमें दिलीप खेड़कर पर भूमि विवाद को लेकर एक व्यक्ति को पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप है। उनके वकील ने बताया कि न्यायाधीश ए एन मारे ने उन्हें सुनवाई की अगली तारीख 25 जुलाई तक गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया है। दिलीप और मनोरमा खेड़कर के अलावा पांच अन्य के खिलाफ पौड़ पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।