NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

कसाब को दिलवा चुके हैं फांसी, अब बदलापुर की बेटियों को इंसाफ दिलाएंगे उज्ज्वल निकम, महाराष्ट्र सरकार का फैसला

Share This Post

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को बदलापुर मामले में विशेष सरकारी अभियोजक (स्पेशल पीपी) नियुक्त किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मराठी में पोस्ट किया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की तेजी से जांच की जाएगी और इसे फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाएगा।

अधिवक्ता उज्ज्वल निकम ने कहा कि उन्हें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तरफ से मौखिक संदेश मिला था, जिसमें उनसे इस केस को स्वीकार करने का आग्रह किया गया था। उन्होंने अपराध की गंभीरता को देखते हुए इस केस में स्पेशल पीपी के तौर पर काम करने की सहमति दे दी है। हालांकि, उन्हें अभी तक सरकार की ओर से आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि जांच एजेंसी जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेगी।

निकम ने यह भी कहा कि चार्जशीट तय समय में पूरी हो जाएगी, जिसके बाद उनकी भूमिका शुरू होगी। उन्होंने यह भी समझाया कि लोग गुस्से में थे और इसी कारण 10 घंटे तक रेल रोको आंदोलन चला। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आरोपी को भी अपना बचाव करने का उचित मौका मिलना चाहिए और उन्हें पूरी उम्मीद है कि जांच एजेंसी इस मामले को जल्द से जल्द निपटाएगी और ट्रायल समय पर पूरा होगा।

71 वर्षीय उज्ज्वल निकम पहले भी कई हाई-प्रोफाइल मामलों को संभाल चुके हैं, जिसमें 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों में पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब का मामला शामिल है। निकम ने उस मुकदमे में सरकारी वकील के रूप में सफलता पूर्वक कसाब को मौत की सज़ा दिलवाई थी। कसाब को नवंबर 2012 में पुणे की यरवदा जेल में फांसी दी गई थी।

इस बीच, ठाणे जिले के बदलापुर में मंगलवार को दो चार वर्षीय लड़कियों के साथ उनके स्कूल के सफाईकर्मी द्वारा कथित यौन उत्पीड़न के मामले में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने बदलापुर रेलवे स्टेशन पर धावा बोल दिया और पटरियों को अवरुद्ध कर दिया, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *