कॉमेडियन समय रैना का यूट्यूब शो ‘इंडियाज़ गॉट लैटेंट’ फरवरी में एक बड़े विवाद में घिर गया था। शो के एक एपिसोड में पैनलिस्ट रणवीर अल्लाहबादिया द्वारा की गई टिप्पणी वायरल हो गई और सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई। इसके बाद, समय रैना, रणवीर, आशीष चंचलानी और अपूर्व मुखीजा के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुईं। विवाद बढ़ने पर समय ने अपने यूट्यूब चैनल से सभी एपिसोड हटा दिए और सोशल मीडिया से दूरी बना ली।
रणवीर, आशीष और अपूर्वा ने की वापसी, समय अभी भी चुप
जहां रणवीर, आशीष और अपूर्वा ने सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता दोबारा शुरू कर दी, वहीं समय रैना अभी तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। रणवीर और आशीष ने अपने अनुभव और ट्रोलिंग को लेकर कुछ बातें साझा कीं, लेकिन समय ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
रणवीर का खुलासा – क्या खोया, क्या पाया
रणवीर अल्लाहबादिया ने हाल ही में एक इंस्टाग्राम ‘Ask Me Anything’ सेशन में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा:
“खोया: स्वास्थ्य, पैसा, अवसर, प्रतिष्ठा, मानसिक स्वास्थ्य, शांति, माता-पिता की संतुष्टि और बहुत कुछ।
पाया: परिवर्तन, आध्यात्मिक विकास, दृढ़ता।
अब जो कुछ खोया है, उसे धीरे-धीरे वापस पाने की दिशा में काम करूंगा। काम को बोलने दो।”
यह पहली बार था जब रणवीर ने इस पूरे विवाद से अपने जीवन पर पड़े प्रभाव पर इतनी स्पष्टता से बात की।
समय रैना की वापसी की उम्मीद: रणवीर
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह समय रैना के संपर्क में हैं, तो रणवीर ने लिखा:
“समय वापस आएगा। इन घटनाओं के बाद हम सभी और करीब आ गए हैं। हम अच्छे और बुरे वक्त में साथ खड़े हैं। मेरा भाई मीडिया का लीजेंड है। भगवान हम सब पर नज़र रखे हैं। पिक्चर अभी बाकी है।”
रणवीर ने आशीष चंचलानी और अपूर्वा के लिए भी प्यार जताया।
क्या था इंडियाज गॉट लैटेंट विवाद?
शो के एक एपिसोड में रणवीर ने माता-पिता और उनके यौन जीवन पर एक आपत्तिजनक टिप्पणी की, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद रणवीर समेत शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में एफआईआर दर्ज की गईं। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां कोर्ट ने रणवीर को फटकार भी लगाई।