इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में 15 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया मैच बेहद रोमांचक रहा। लो-स्कोरिंग मुकाबले में भी केकेआर की टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी और 16 रनों से मैच गंवा बैठी। यह मैच ऐसे मोड़ पर फिसला, जहां केकेआर की जीत लगभग तय लग रही थी।
रहाणे ने कहा- हार का दोष मेरा, गलत शॉट से बदली मैच की दिशा
कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने हार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर ली। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने एक गलत शॉट खेला और यह टीम के लिए महंगा साबित हुआ। रहाणे ने कहा, “जो भी हुआ, सबने देखा। मैं टीम की कोशिशों से खुश नहीं हूं। इस हार का पूरा दोष मैं लेता हूं।”
अच्छी शुरुआत के बाद भी केकेआर की पारी 95 रनों पर सिमटी
पंजाब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 111 रन पर सिमट गई थी। जवाब में केकेआर ने 7 ओवर में 2 विकेट पर 60 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद बल्लेबाज़ों का पतन शुरू हो गया और पूरी टीम 15.1 ओवर में सिर्फ 95 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
चहल की फिरकी ने पलटा मैच, पंजाब की ऐतिहासिक जीत
पंजाब किंग्स के लिए युजवेंद्र चहल ने शानदार गेंदबाज़ी की और 28 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा मार्को यानसेन ने 3, अर्शदीप, ग्लेन मैक्सवेल और जेवियर बार्टलेट ने 1-1 विकेट लिया। चहल की फिरकी ने केकेआर के मिडिल ऑर्डर को बुरी तरह झकझोर दिया।
आईपीएल इतिहास का सबसे छोटा सफल स्कोर डिफेंड करने वाला बना पंजाब
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने आईपीएल इतिहास में सबसे कम स्कोर (111 रन) का सफल बचाव करने का रिकॉर्ड बना लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम था, जिन्होंने 2009 में 116 रनों का बचाव किया था।
आखिरी झटका: 23 रन के भीतर गिरे 7 विकेट
केकेआर के लिए अंगकृष रघुवंशी ने 28 गेंदों में 37 रन की पारी खेली और रहाणे के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही केकेआर की पूरी पारी ढह गई और आखिरी 7 विकेट सिर्फ 23 रन के अंदर गिर गए।