पर्थ के वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन (WACA) स्टेडियम में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए प्रैक्टिस कर रही है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच पर्थ में खेला जाएगा। स्टेडियम को चारों ओर से नेट्स से घेर दिया गया है, जिससे दर्शकों को प्रैक्टिस सेशन देखने का मौका नहीं मिल रहा है।
हालांकि, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की प्रैक्टिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गया है। वीडियो में विराट कोहली पेस अटैक का सामना करते हुए नजर आ रहे हैं, वहीं जसप्रीत बुमराह भी नेट्स पर जमकर गेंदबाजी करते दिख रहे हैं। इसके अलावा, शुभमन गिल और सरफराज खान भी वीडियो में साथ में बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
इस सीरीज का पहला टेस्ट मैच 22 नवंबर से शुरू होगा। भारतीय टीम इस सीरीज की तैयारी में दो हफ्ते पहले ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी। हाल ही में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में टेस्ट सीरीज 0-3 से गंवाई, जिसके बाद यह टेस्ट सीरीज भारतीय टीम के लिए और भी अहम हो गई है। टीम इंडिया को आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए इस सीरीज को कम से कम 4-0 के अंतर से जीतना होगा।