NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

GT की बड़ी जीत, CSK प्लेऑफ की रेस से बाहर

Share This Post

सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की तूफानी पारियों के बाद मोहम्मद सिराज, राशिद खान और कागिसो रबाडा की घातक गेंदबाजी के दम पर गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 89 रन से करारी शिकस्त दे दी। इस बड़ी जीत के साथ गुजरात ने आईपीएल 2026 के पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में अपनी स्थिति लगभग मजबूत कर ली है।

वहीं, चेन्नई सुपरकिंग्स की यह हार उसकी प्लेऑफ की बची-खुची उम्मीदों पर भी भारी पड़ गई। गुजरात के अब 14 मैचों में 18 अंक हो गए हैं और टीम दूसरे स्थान पर बनी हुई है। हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भी 18 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण RCB शीर्ष पर है। दूसरी ओर CSK 14 मैचों में केवल 12 अंकों के साथ सातवें स्थान पर खिसक गई है।

230 रन के लक्ष्य के सामने बिखरी चेन्नई

230 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम गुजरात के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। टीम सिर्फ 13.4 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई।

मोहम्मद सिराज ने 26 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि राशिद खान ने सिर्फ 18 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। कागिसो रबाडा ने भी 32 रन देकर 3 विकेट झटके।

CSK की ओर से शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए। उन्होंने 17 गेंदों में चार चौके और चार छक्के जड़े। उनके अलावा केवल मैथ्यू शॉर्ट ही 24 रन बनाकर 20 के आंकड़े को पार कर सके।

सिराज ने शुरुआत में ही तोड़ी CSK की कमर

चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहम्मद सिराज ने मैच की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच करा दिया।

इसके बाद सिराज ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को बोल्ड किया, जबकि उर्विल पटेल भी उनकी गेंद पर कैच आउट हो गए। सिर्फ 29 रन तक CSK अपने तीन अहम विकेट गंवा चुकी थी।

मैथ्यू शॉर्ट भी 24 रन बनाकर कागिसो रबाडा का शिकार बने। पावरप्ले तक चेन्नई का स्कोर 4 विकेट पर 58 रन हो चुका था।

शिवम दुबे ने दिखाई लड़ाई, लेकिन नहीं मिला साथ

एक समय ऐसा लगा कि शिवम दुबे चेन्नई की वापसी करा सकते हैं। उन्होंने अरशद खान और जेसन होल्डर पर लगातार बड़े शॉट लगाए और टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया।

दुबे ने राशिद खान पर भी छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हो गए। उनके आउट होते ही चेन्नई की उम्मीदें भी लगभग खत्म हो गईं।

इसके बाद राशिद खान ने अंशुल कंबोज और डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर मैच पूरी तरह गुजरात की झोली में डाल दिया।

गिल और सुदर्शन ने रखी बड़ी जीत की नींव

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की बड़ी साझेदारी की।

साई सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान शुभमन गिल ने 37 गेंदों में 64 रन बनाए और अपनी पारी में सात चौके व तीन छक्के लगाए।

जोस बटलर ने अंत में मचाई तबाही

गिल के आउट होने के बाद जोस बटलर ने तेजी से रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में नाबाद 57 रन ठोक दिए, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे।

सुदर्शन और बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 82 रन की तेज साझेदारी हुई। गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

चेन्नई के गेंदबाज रहे बेअसर

CSK की ओर से गेंदबाजी में मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज को एक-एक विकेट मिला, लेकिन बाकी गेंदबाज गुजरात के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में पूरी तरह नाकाम रहे।

गुजरात की इस जीत ने प्लेऑफ की तस्वीर और दिलचस्प बना दी है, जबकि चेन्नई सुपरकिंग्स का सफर अब लगभग समाप्त माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *