NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

ग्रेटर नोएडा: शारदा यूनिवर्सिटी की छात्रा ने की आत्महत्या, दो प्रोफेसर हिरासत में

Share This Post

ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में बीडीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा ज्योति शर्मा ने सोमवार को कथित रूप से संकाय सदस्यों द्वारा उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित छात्रावास की है।

छात्रावास में पंखे से लटक कर दी जान

पुलिस के अनुसार, ज्योति ने अपने छात्रावास के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पिता ने लगाए उत्पीड़न के आरोप, दो प्रोफेसर हिरासत में

ज्योति के पिता रमेश जांगड़ा, निवासी गुरुग्राम, ने डीन डॉ. एम सिद्धार्थ, प्रोफेसर सैरी मैडम, महेंद्र, अनुराग अवस्थी, सुरभि सहित सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
रमेश ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने पहले आश्वासन दिया था कि उनकी बेटी को परेशान नहीं किया जाएगा, फिर भी उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।

सुसाइड नोट में किए आरोप

रमेश के अनुसार, उनकी बेटी ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने कॉलेज प्रशासन के सदस्यों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को समय पर सूचित नहीं किया।

दो प्रोफेसर हिरासत में, पुलिस जांच जारी

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने प्रोफेसर महेंद्र और सैरी मैडम को हिरासत में ले लिया है। मामले में गंभीर धाराओं के तहत जांच जारी है और अन्य नामजद लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष

शारदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी.के. गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर आंतरिक जांच की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि छात्रा ने एक टेस्ट कॉपी में प्रोफेसर के फर्जी हस्ताक्षर किए थे, जिस पर उसे टोका गया था और उसके परिजनों को भी बुलाया गया था।उन्होंने कहा,”हम पुलिस को हरसंभव सहयोग दे रहे हैं और सच्चाई सामने आने तक पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *