दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 6271 को मंगलवार रात इंजन में तकनीकी खराबी के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। मुंबई हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार, विमान में 191 यात्री सवार थे और रात 9:53 बजे यह सुरक्षित रूप से लैंड कर गया।
इंजन फेल, तकनीकी खराबी के चलते बदला गया मार्ग
इंडिगो एयरलाइंस ने एक बयान में पुष्टि की कि उड़ान के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण विमान को मुंबई की ओर मोड़ा गया। सूत्रों के मुताबिक, एक इंजन में खराबी के कारण आपातकालीन स्थिति घोषित की गई।
तय प्रक्रियाओं के तहत की गई लैंडिंग
इंडिगो प्रवक्ता के अनुसार, 16 जुलाई को उड़ान भरने के बाद तकनीकी समस्या का पता चलते ही नियमानुसार विमान को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। पायलट और क्रू ने निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सुरक्षित लैंडिंग कराई।
मुंबई एयरपोर्ट पर घोषित किया गया पूर्ण आपातकाल
मुंबई हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि विमान की लैंडिंग से पहले रात 9:35 बजे पूर्ण आपातकाल घोषित किया गया था। 9:52 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद 9:57 बजे आपातकाल हटा लिया गया। यात्रियों को सुरक्षित उतारकर टर्मिनल पर पहुंचाया गया। हवाई अड्डे के सामान्य संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
वैकल्पिक विमान से होगी आगे की यात्रा
इंडिगो ने विमान की तकनीकी जांच और रखरखाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, एयरलाइन ने इंजन में आई खराबी की विस्तृत जानकारी या तकनीकी ब्योरा साझा नहीं किया है। यात्रियों को उनकी यात्रा पूरी कराने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है, जो जल्द रवाना होगा।