5 जून दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देशों के अनुरूप दिल्ली सरकार के फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूरे राजधानी क्षेत्र में निगरानी, निरीक्षण और प्रवर्तन गतिविधियों को तेज कर दिया है। पिछले एक महीने के दौरान विभाग ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
217 खाद्य नमूनों की जांच, 12 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे
नियमित निगरानी अभियान के तहत फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने दिल्ली के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 217 खाद्य नमूने एकत्र किए। इस अवधि में विभाग को 145 खाद्य विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त हुईं।
इनमें से 133 नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि 12 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। विभाग ने संबंधित खाद्य व्यवसाय संचालकों के खिलाफ ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006’ के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खारी बावली में नकली मसाला बनाने वाली इकाई का भंडाफोड़
प्रवर्तन अभियान के तहत विभाग ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से खारी बावली बाजार में संचालित एक घटिया और संदिग्ध मसाला निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया।
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन सामने आने पर संबंधित संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और कड़ी निगरानी बनाए हुए है।
कानूनी कार्रवाई और अभियोजन तंत्र को किया जा रहा मजबूत
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के मामलों में समयबद्ध अभियोजन सुनिश्चित करने के लिए अपने कानूनी तंत्र को भी मजबूत कर रहा है।
विभाग न्यायालयों में मामलों की सक्रिय पैरवी और प्रभावी कानूनी कार्रवाई के माध्यम से खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की दिशा में काम कर रहा है।
लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में भी तेजी
व्यापार करने में सुगमता और नियमों के पालन को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग ने लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदनों का निस्तारण किया।
मई माह के दौरान:
503 नए लाइसेंस जारी किए गए।
753 लाइसेंस नवीनीकरण एवं संशोधन आवेदनों का निपटारा किया गया।
4010 नए रजिस्ट्रेशन जारी किए गए।
1000 रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण एवं संशोधन आवेदनों का भी निस्तारण किया गया।
इन प्रयासों से खाद्य व्यवसायों के बीच नियामकीय अनुपालन को बढ़ावा मिला है और निगरानी व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।
वैज्ञानिक निगरानी और सख्त प्रवर्तन पर विभाग का फोकस
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट वैज्ञानिक सैंपलिंग, लक्षित निरीक्षण, कानूनी प्रवर्तन और हितधारकों के साथ सतत संवाद के माध्यम से अपने नियामकीय ढांचे को लगातार सुदृढ़ बना रहा है।
विभाग का उद्देश्य खाद्य मिलावट पर रोक लगाना, स्वच्छता और सुरक्षा के उच्च मानकों को सुनिश्चित करना तथा खाद्य व्यवसाय संचालकों के बीच नियमों के पालन को बढ़ावा देना है।
सुरक्षित खाद्य व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध दिल्ली सरकार
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में विभाग राजधानी में एक सुरक्षित और विश्वसनीय खाद्य व्यवस्था विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
विभाग का लक्ष्य उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना, खाद्य आपूर्ति प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना और दिल्लीवासियों का खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत करना है।