सोमवार सुबह गोवा के एक जंगल में 22 वर्षीय युवती रोशनी मोसेस एम का गला रेतकर किया गया शव बरामद हुआ। मामले की जांच में जुटी पोंडा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कर्नाटक के हुबली से संजय केविन एम नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जो रोशनी का प्रेमी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संजय को संदेह था कि रोशनी किसी और के साथ रिश्ते में है, इसी शक में उसने उसकी हत्या कर दी।
शादी की योजना से गोवा पहुंचे थे दोनों
पुलिस के अनुसार, यह जोड़ा उत्तरी बेंगलुरु से शादी की योजना बनाकर गोवा आया था। लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और यह विवाद जानलेवा बन गया। संजय ने कथित तौर पर दो दिन पहले रोशनी की गला रेतकर हत्या कर दी और शव को दक्षिण गोवा के प्रतापनगर इलाके के एक जंगल में फेंक दिया।
हत्या की पुष्टि और जांच प्रक्रिया
शव मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और तकनीकी विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। जांच में पता चला कि युवती की गला रेतकर हत्या की गई है। दक्षिण गोवा के पुलिस अधीक्षक टीकम सिंह वर्मा ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग, शादी की योजना और उस पर हुए विवाद से जुड़ा है।
24 घंटे में गिरफ्तारी
पुलिस को जांच में संजय पर संदेह हुआ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे बेंगलुरु से पकड़ लिया गया। फिलहाल संजय से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या के पीछे की अन्य संभावित वजहों की भी जांच कर रही है।