NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

कम नंबर लाने पर पिता ने बेटी की पीट-पीटकर हत्या की

Share This Post

महाराष्ट्र के सांगली जिले के नेलकरंजी गांव में शनिवार रात दिल दहला देने वाली घटना घटी, जहां एक पिता ने परीक्षा में कम अंक लाने पर अपनी ही 16 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। यह घटना सांगली की आटपाडी तहसील की है।

पिता ने पीट-पीटकर की बेटी की हत्या

आरोपी धोंडीराम भोसले (45) पेशे से एक स्कूल शिक्षक है। पुलिस के अनुसार, उसकी बेटी साधना भोसले, जो कि बारहवीं कक्षा की छात्रा थी, को हालिया परीक्षा में कम अंक मिले थे। इस पर घर में कहासुनी के बाद आरोपी पिता ने आटा चक्की के लकड़ी के हैंडल से बेटी की पिटाई शुरू कर दी। उस वक्त साधना की मां और भाई भी मौजूद थे।

अस्पताल में तोड़ा दम

पिटाई से गंभीर रूप से घायल साधना को तुरंत सांगली के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण कई गंभीर चोटें बताया गया है।

आरोपी गिरफ्तार

आटपाडी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विनय बहिर ने जानकारी दी कि लड़की की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले ने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *