NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

दिल्ली: महिला इन्फ्लुएंसर के घर पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो गिरफ्तार

Share This Post

पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर सक्रिय एक महिला इन्फ्लुएंसर से मिलने चेन्नई से दिल्ली पहुंचे एक व्यक्ति की कथित पिटाई के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति महिला के घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद महिला के परिजनों और पड़ोसियों के साथ उसका विवाद हो गया। इस दौरान उसकी जमकर पिटाई की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में महिला के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है।

7 नवंबर को हुई थी घटना

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 7 नवंबर को मधु विहार इलाके में हुई थी। चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करने वाला व्यक्ति कथित तौर पर महिला इन्फ्लुएंसर से मिलने उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने घर में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद महिला के परिजनों और पड़ोसियों के साथ उसका विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर महिला के पिता और कुछ पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस हमले में उसे गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं।

सोशल मीडिया के जरिए महिला के संपर्क में आया था युवक

जांच में सामने आया है कि चेन्नई निवासी व्यक्ति सोशल मीडिया के जरिए महिला इन्फ्लुएंसर के संपर्क में आया था। वह नियमित रूप से उसके वीडियो लाइक करता था। पुलिस के अनुसार, वह महिला से एकतरफा प्यार करने लगा था और उससे मिलने के लिए चेन्नई से दिल्ली पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि महिला के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 29 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं।

गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया था भर्ती

पिटाई में घायल व्यक्ति को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया।

हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बाद में एक अन्य अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

महिला के पिता और पड़ोसी गिरफ्तार

व्यक्ति की मौत के बाद मधु विहार पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान महिला के भाई और कुछ अन्य पड़ोसियों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। इसका उद्देश्य घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करना और हमले में उनकी भूमिका का पता लगाना है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *