NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

देहरादून: क्रूर हमले में पत्रकार की मौत, 2 आरोपी गिरफ्तार

Share This Post

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र के जाखन में रहने वाले पत्रकार पंकज मिश्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देहरादून कैंट निवासी अमित सहगल (51) और मुंबई निवासी पार्थो शील (45) के रूप में हुई है।

भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

मृतक पत्रकार के भाई, लखनऊ निवासी अरविंद मिश्रा, ने मंगलवार देर रात पुलिस को तहरीर देकर अमित सहगल और अन्य के खिलाफ हत्या, घर में जबरन घुसने और लूटपाट के आरोप लगाए थे।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

घर में घुसकर बेरहमी से हमला

यह घटना 15 दिसंबर की रात दून विहार, जाखन स्थित पंकज मिश्रा के घर में हुई। FIR के अनुसार, रात करीब 10 बजे अमित सहगल अपने साथियों के साथ कथित रूप से एक गैंग बनाकर पंकज के घर में जबरन घुसा।
आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से पंकज पर हमला किया।

छाती और पेट पर किए गए लात-घूंसे

शिकायत के मुताबिक, अमित सहगल ने पंकज मिश्रा की छाती और पेट पर लगातार लात-घूंसे मारे, जिससे उनके मुंह से खून निकलने लगा।
तहरीर में कहा गया है कि हमलावरों में से एक ने कहा, “यह दिल और लिवर का मरीज है, इसके पेट और सीने पर मारो”, जिस पर अमित ने कहा, “इतना काफी है, यह मर जाएगा।”

मोबाइल छीना, पत्नी से भी बदसलूकी

मारपीट के बाद आरोपियों ने पंकज मिश्रा का मोबाइल फोन भी छीन लिया। जब उनकी पत्नी लक्ष्मी ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनका फोन भी छीन लिया और बदसलूकी करते हुए मौके से फरार हो गए।

तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत

घटना के बाद पंकज मिश्रा ने किसी राहगीर के फोन से पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मेडिकल जांच कराने और शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, लेकिन चोट और डर के कारण उन्होंने सुबह कार्रवाई की बात कही।
कुछ घंटों बाद, मंगलवार तड़के करीब 3 बजे, पंकज ने पेट दर्द की शिकायत की और अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। पत्नी उन्हें पड़ोसियों की मदद से दून अस्पताल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोबारा पोस्टमार्टम की मांग

मृतक के परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह से मुलाकात कर शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया गया।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं 103, 304, 333 और 352 के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर पंकज मिश्रा द्वारा अमित सहगल के खिलाफ की गई एक पोस्ट से नाराज होकर यह हमला किया गया।

जांच के लिए विशेष टीमें तैनात

पुलिस ने मृतक की पत्नी, मकान मालिक और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
एसएसपी ने बताया कि मामले की गहन और निष्पक्ष जांच के लिए साइबर सेल, एसओजी और फोरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *