NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

बिहार में अपराध बढ़ा, नीतीश-भाजपा पर बरसे लालू यादव

Share This Post

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर करारा हमला किया। उन्होंने नीतीश के पुराने बयान को याद दिलाते हुए कहा, “वे कहते थे कि लोग शाम 5 बजे के बाद घर से निकलने से डरते हैं। अब बताइए, क्या ये सारे अपराध शाम 5 बजे के बाद ही हो रहे हैं? दिनदहाड़े कितनी हत्याएं हो रही हैं, इसका जवाब कौन देगा?”

65 हजार हत्याओं का दावा, नीतीश शासन पर गंभीर आरोप

लालू यादव ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर दावा किया कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में 65,000 से अधिक हत्याएं हुई हैं। उन्होंने लिखा, “क्या नीतीश जी को पता है कि उनके राज में अब तक 65 हज़ार से ज़्यादा हत्याएं दर्ज हो चुकी हैं?”

लालू ने भाजपा-नीतीश गठबंधन पर हमला करते हुए कहा, “इन्होंने न सिर्फ कानून व्यवस्था को बर्बाद किया, बल्कि उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।”

पुलिस बल पर भी उठाए सवाल

लालू ने आरोप लगाया कि बिहार की पुलिस आज जितनी भ्रष्ट, सुस्त और उदासीन है, वैसी पहले कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि अपराधी बेखौफ हैं और जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।

पटना में दोहरे हत्याकांड का जिक्र

लालू यादव ने पटना के आलमगंज में हुई दिनदहाड़े दोहरे हत्या की घटना को भी उठाया, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली मारी गई और दो की मौत अस्पताल में हुई। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं दिखाती हैं कि बिहार में जन सुरक्षा की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है।

पुलिस ने मानी मामूली वृद्धि

बिहार पुलिस के एडीजी (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन ने हाल में एक प्रेस वार्ता में स्वीकार किया था कि 2025 के पहले पांच महीनों में हत्या के मामलों में थोड़ी वृद्धि हुई है। 2024 में जहां हर महीने औसतन 232 हत्या के मामले दर्ज होते थे, वहीं 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 233 प्रति माह हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *