उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गंज मुरादाबाद कस्बे में होली के जश्न के दौरान फाग जुलूस के दौरान माहौल बिगड़ गया। जुलूस जब मुस्लिम बहुल इलाके से गुजर रहा था, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने अभद्र टिप्पणियां कीं, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस पर हुआ पथराव, हालात हुए बेकाबू
जब पुलिस ने माहौल शांत कराने और उपद्रवियों को रोकने की कोशिश की, तो कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे भीड़ तितर-बितर हो गई।
नशे में धुत लोगों ने किया हंगामा
जुलूस के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में धुत होकर शामिल हो गए और उन्होंने घरों पर रंग फेंकते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। जब पुलिस ने हस्तक्षेप किया, तो नशे में धुत लोगों ने पुलिसकर्मियों से बहस करनी शुरू कर दी और फिर पथराव कर दिया।
तीन-चार पुलिसकर्मी घायल, उपद्रवियों की धरपकड़ जारी
इस पथराव और झड़प में तीन से चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से कुछ अराजक तत्वों को हिरासत में लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।