सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी की एक और साजिश नाकाम करते हुए मादक पदार्थों के दो पैकेट बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि आर.एस.पुरा सेक्टर के एक अग्रिम गांव से दो किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए गए। बताया जा रहा है कि सीमा पार से तस्कर इस खेप को भारत में लाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सतर्क जवानों ने उन्हें नाकाम कर दिया। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
इससे एक दिन पहले पंजाब के फिरोजपुर और अमृतसर जिलों में बीएसएफ ने दो पिस्तौल, दो ड्रोन और हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया था। अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर बीएसएफ जवानों ने फिरोजपुर के बहादुरके गांव के पास अभियान चलाकर एक पिस्तौल, एक मैगजीन और दो कारतूस बरामद किए।
शनिवार को अमृतसर जिले के कहनगढ़ गांव के पास बीएसएफ ने एक ड्रोन को निष्क्रिय कर बरामद किया, जिसमें एक पिस्तौल और मैगजीन भी छिपाई गई थी। इसी दिन अमृतसर के दाओके गांव के पास से एक टूटा हुआ ड्रोन भी मिला। इसके अलावा, रविवार सुबह भैणी राजपुताना गांव के खेतों से 553 ग्राम हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया गया।