प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ब्राजील सरकार ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान भारत-ब्राजील के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय मंचों—जैसे BRICS, G20 और संयुक्त राष्ट्र—पर सहयोग बढ़ाने में उनकी भूमिका के लिए दिया गया है।
राष्ट्रपति लूला ने किया सम्मानित
ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डी सिल्वा ने यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को भेंट किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा,”आज राष्ट्रपति द्वारा ब्राजील के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होना केवल मेरे लिए ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व और भावना का क्षण है।”
26वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान
प्रधानमंत्री बनने के बाद यह मोदी को किसी विदेशी सरकार द्वारा मिला 26वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। उन्होंने ब्राजील की सरकार और वहां की जनता के प्रति आभार जताया।
व्यापार बढ़ाने पर सहमति
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों देशों ने अगले 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा। ऊर्जा और कृषि जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
आतंकवाद पर सख्त रुख
बैठक में आतंकवाद से निपटने और इस पर दोहरे मापदंड खत्म करने पर भी चर्चा हुई। मोदी ने स्पष्ट कहा कि आतंकवाद को लेकर किसी प्रकार के दोहरे मानदंड स्वीकार नहीं किए जाएंगे।