NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

अर्जुन एरिगैसी की शानदार वापसी, बिबिसारा को दूसरे मुकाबले में हराया

Share This Post

बुडापेस्ट, 13 नवंबर। भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट की फास्ट क्लासिकल प्रतियोगिता में शानदार वापसी करते हुए कजाकिस्तान की बिबिसारा असाउबायेवा को दूसरी बाजी में हरा दिया। हालांकि, उन्हें पहली बाजी में कम रेटिंग वाली बिबिसारा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं, भारतीय भाई-बहन की जोड़ी आर. प्रज्ञाननंदा और आर. वैशाली के लिए बृहस्पतिवार का दिन निराशाजनक रहा। दोनों खिलाड़ियों को अपने-अपने दोनों मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी। प्रज्ञाननंदा को फैबियानो कारुआना ने, जबकि वैशाली को हैंस नीमन ने शिकस्त दी।

पहली बाजी गंवाने के बाद एरिगैसी की वापसी

विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर काबिज अर्जुन एरिगैसी ने बिबिसारा के खिलाफ सफेद मोहरों से खेलते हुए अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में कजाकिस्तान की खिलाड़ी ने अपने प्यादों का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए पहला मुकाबला जीत लिया।

हालांकि, एरिगैसी ने हार से सबक लेते हुए दूसरी बाजी में काले मोहरों से शानदार खेल दिखाया और जीत दर्ज कर वापसी की। बिबिसारा से करीब 200 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले एरिगैसी के ग्रुप डी में अब पांच-पांच अंक हैं।

ग्रुप डी में वाचियर-लाग्रेव और नीमन शीर्ष पर

ग्रुप डी में मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव और हैंस नीमन आठ-आठ अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं। वहीं, वैशाली एक ड्रॉ और तीन हार के साथ ग्रुप में सबसे निचले पायदान पर हैं।

प्रज्ञाननंदा को कारुआना ने दोनों बाजियों में हराया

ग्रुप बी में आर. प्रज्ञाननंदा को अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारुआना के खिलाफ दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

कारुआना ने पहली बाजी में सफेद मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञाननंदा के रक्षण को तोड़ने के लिए एक मोहरे की कुर्बानी दी और आसानी से जीत हासिल की। इसके बाद दूसरी बाजी में काले मोहरों से खेलते हुए भी उन्होंने भारतीय खिलाड़ी को शिकस्त दी।

इन दोनों हार के बाद प्रज्ञाननंदा के खाते में केवल दो अंक हैं और वह ग्रुप में अंतिम स्थान पर हैं। दूसरी ओर, लगातार दो जीत के साथ कारुआना के कुल 10 अंक हो गए हैं। वह आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद लिएम ले से दो अंक आगे हैं।

कार्लसन को अब भी पहली जीत का इंतजार

विश्व के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को फास्ट क्लासिकल प्रारूप में अब भी पहली जीत का इंतजार है। ग्रुप सी में किशोर ग्रैंडमास्टर अभिमन्यु मिश्रा ने उन्हें दोनों मुकाबलों में ड्रॉ खेलने पर मजबूर कर दिया।

कार्लसन अब तक अपने सभी चार फास्ट क्लासिकल मुकाबले ड्रॉ कर चुके हैं और उनके खाते में चार अंक हैं। वहीं, अभिमन्यु मिश्रा के तीन अंक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *