गुरुवार सुबह दिल्ली के महिपालपुर स्थित रेडिसन ब्लू होटल के पास तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। दमकल विभाग को सुबह 9:18 बजे सूचना मिली, जिसके बाद तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। पुलिस जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बाद में पुष्टि हुई कि यह आवाज एक डीटीसी बस का टायर फटने से आई थी।
लाल किला विस्फोट के बाद राजधानी में सुरक्षा कड़ी
यह घटना उस समय हुई जब दिल्ली पहले से ही लाल किले के पास हुए घातक विस्फोट से सहमी हुई है, जिसमें 13 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद राजधानी के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।
जांच एजेंसियां अलर्ट पर, उमर नबी की संलिप्तता की पुष्टि
जांच एजेंसियों ने पुष्टि की है कि लाल किला विस्फोट में शामिल डॉ. उमर नबी ही i20 कार चला रहा था। डीएनए रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हो चुकी है। उमर के तार जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक मॉड्यूल से जुड़े हैं, जिसमें कई डॉक्टर शामिल थे जो मेडिकल संसाधनों का दुरुपयोग कर विस्फोटक तैयार करते थे।
फरीदाबाद और कश्मीर तक फैला आतंकी नेटवर्क
सूत्रों के अनुसार, यह नेटवर्क फरीदाबाद, लखनऊ और दक्षिण कश्मीर तक फैला हुआ है। एजेंसियाँ अब इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और उनकी फंडिंग चैनलों की तलाश में जुटी हैं।