उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस’ से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
दूरदर्शी नेतृत्व को बताया सम्मान का कारण
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “यह प्रतिष्ठित सम्मान आपके दूरदर्शी नेतृत्व और साझा वैश्विक लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह भारत-ब्राजील संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के आपके प्रयासों को भी दर्शाता है।”
भारत के वैश्विक कद का प्रतीक
सीएम योगी ने इस उपलब्धि को “सभी भारतीयों के लिए गौरव का क्षण” बताया और कहा कि यह भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव का संकेत है।
मोदी को अब तक मिल चुके हैं 26 अंतरराष्ट्रीय सम्मान
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डी सिल्वा द्वारा भारत-ब्राजील सहयोग को मजबूत करने के लिए दिया गया है। मई 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से पीएम मोदी को यह 26वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।